रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: खाट पर मरीज, स्वास्थ्य सेवाएं कागजों पर

C

CG Khabar

13 अक्टू. 2025, 01:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

मरीज खाट पर
मरीज खाट पर

जगदलपुर । संवाददाता: बस्तर के घने जंगलों और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है. छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बसे चितालगुर पंचायत के गुड़ियापदर गांव में रविवार रात को एक गर्भवती महिला को मिसकैरेज होने पर परिजनों को मजबूरन उसे खाट पर लादकर चार किलोमीटर लंबी कठिन यात्रा तय करनी पड़ी. एम्बुलेंस की प्रतीक्षा में समय बर्बाद होने के बाद परिवार ने नदी-नाले और जंगलों को पार कर महिला को चितालगुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, 


जहां से अंततः उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जो ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल रहा है.

विज्ञापन


गांव के निवासियों के अनुसार, रात के अंधेरे में महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तुरंत आपातकालीन सेवाओं से संपर्क किया, लेकिन सड़क न होने और दूरस्थ इलाके के कारण कोई वाहन समय पर नहीं पहुंच सका. मजबूरी में उन्होंने पारंपरिक तरीके से खाट का सहारा लिया और जंगली रास्तों से होते हुए साढ़े चार किलोमीटर का फासला तय किया. 


कुछ ग्रामीणों ने इस दर्दनाक दृश्य का मोबाइल पर वीडियो बनाया, जो अब वायरल हो चुका है. पीड़िता को अंततः जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.


यह घटना बस्तर जिले के आंतरिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का जीवंत प्रमाण है. चितालगुर जैसे गांवों में न तो सड़कें हैं, न बिजली और न ही आंगनबाड़ी केंद्र. हालांकि, क्रेडा विभाग द्वारा सोलर प्लेटें लगाई गई हैं, लेकिन स्वास्थ्य कर्मी भी ग्राम स्तर तक नहीं पहुंच पाते. 


यहां की गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए पैदल ही चितालगुर तक जाना पड़ता है. गांव को FRA (फॉरेस्ट राइट्स एक्ट) का दर्जा मिला हुआ है, जो पेंगारास से कच्चे रास्ते होकर पहुंचा जा सकता है, लेकिन बुनियादी सुविधाओं का अभाव जीवन को मुश्किल बना देता है.


विशेषज्ञों का मानना है कि सतही उपायों से नहीं, बल्कि सड़क, बिजली और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से ही इन आदिवासी बाहुल्य इलाकों की समस्याओं का समाधान संभव है. यह वाकया न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि पूरे क्षेत्र की उपेक्षा का प्रतीक बन गया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP