आज होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में पखवाड़े भर से रूठे मौसम ने करवट ली है. मंगलवार शाम को अचानक मौसम बदला और तेज हवा और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई. करीब एक घंटे की बारिश ने लोगों को तरबतर कर दिया.
मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.
बस्तर संभाग के 5 जिलों में बारिश का यलो और 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कहीं-कहीं तेज आंधी भी चल सकती है.
हालांकि मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अभी मानसून प्रदेश में सक्रिय नहीं हुआ है. उसे सक्रिय होने में अभी कुछ वक्त और लग सकता है.
मानसून को बस्तर से आगे बढ़ने में अभी दो से तीन दिन का समय और लग सकता है. अभी को बारिश हो रही है वह लोकल सिस्टम के असर से हो रही है.
मंगलवार को अचानक हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से रहत दिलाई है. तेज बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं.
इस दौरान गरज-चमक, अंधड़ और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.
इसके साथ ही प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की उम्मीद है.
प्रदेश में 11 जून को राजधानी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उता बस्तर कांकेर में आंधी-तुफान के पूरे आसार हैं.
यहां गरज-चमक के साथ 50-60 किमी प्रति घंटें की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.