पति ने की पत्नी की बेरहमी से पिटाई, मौत के बाद आरोपी गिरफ्तार
बेमेतरा । डेस्क: बेमेतरा के नांदघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सेमरिया में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. मामूली बात पर शुरू हुई तकरार के बाद एक पति ने अपनी पत्नी के साथ इस कदर मारपीट की कि उसकी जान चली गई. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी भागवत पात्रे (55 वर्ष) का अपनी पत्नी कुमारी बाई के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. आवेश में आकर भागवत ने महिला को थप्पड़ जड़े और लकड़ी से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. गंभीर चोटें आने के कारण महिला बेसुध होकर गिर पड़ी.
आनन-फानन में ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उसे नवागढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात निकलकर सामने आई कि आरोपी ने पहले मामले को दबाने की कोशिश की थी और इसे सामान्य धक्का-मुक्की बताया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कड़ाई से की गई पूछताछ में मारपीट की पुष्टि हुई. थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी भागवत पात्रे को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है. शुक्रवार को आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है.