छत्तीसगढ़ में फिर होगी झमाझम बारिश
छत्तीसगढ़ में फिर झमाझम बारिश की चेतावनी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में एक बार फिर झमाझम बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी दी है. साथ ही प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है.
भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के जिलों में केंद्रित रहने की संभावना है. इन इलाकों में जलभराव और छोटी नदियों में बाढ़ आने की स्थिति बन सकती है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर झारखंड और उससे सटे दक्षिण बिहार के ऊपर एक सक्रिय निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है, जो अब पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए झारखंड, दक्षिण बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर अग्रसर हो रहा है. वहीं एक मानसून द्रोणिका बंगाल की खाड़ी तक स्थित है. इससे मानसूनी गतिविधियों में वृद्धि हो रही है.
बलरामपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बलरामपुर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, मुंगेली, रायगढ़ सहित 12 जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी करते हुए तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है.
इसी के साथ सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, रायगढ़, कोरिया, कोरबा और बलरामपुर जिलों के लिए बाढ़ का आउटलुक जारी किया है. इन क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण जल स्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है.
सरगुजा-बलरामपुर में नदी-नाले उफान पर
राजधानी रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में देर रात से सुबह तक बारिश हुई. अभी भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं पर बूंदाबांदी हो रही है.
पिछले 24 घंटे की बात करें तो सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है. जिससे नदी नालों का जल स्तर बढ़ गया है.
बलरामपुर जिले में कन्हर, गागर और गेउर नदियां रपटे के ऊपर से बह रही हैं.
सरगुजा में घुनघुट्टा डेम तय समय से एक हफ्ते पहले ही भर गया है. यहां पानी अधिक होने से बांध के 5 गेट खोल दिए गए हैं.
वहीं मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में 18 जुलाई तक भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है.
बलौदाबाजार का कौआडीह गांव टापू में तब्दील
इधर बलौदाबाजार जिले में लगातार बारिश हो रही है. तेज बारिश से कौआडीह नाला उफान पर है.
नाले में पुल से 3 फीट ऊपर पानी बह रहा है. जिस वजह से 600 आबादी वाला कौआडीह गांव टापू में तब्दील हो गया है.
इसी तरह वटगन-खरतोल मार्ग भी पूरी तरह बंद हो गया है. यहां सड़क पर 2-3 फीट ऊपर पानी बह रहा है. यहां तेज बारिश के कारण स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं.