किसान, सुशासन और विकास ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: CM
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों का कल्याण और उनकी समृद्धि राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि किसानों का कल्याण और उनकी समृद्धि राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. किसान छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और संस्कृति की रीढ़ हैं. सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और खेती को अधिक लाभप्रद बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है. मुख्यमंत्री रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में कोलता समाज द्वारा आयोजित नुआखाई भेंटघाट एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज की मांग और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कोटालिया गांव के चंडी डोंगरी में 30 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन तथा पुसौर नगर पंचायत में कोलता समाज के मंगल भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की. साथ ही उन्होंने बाउंड्रीवॉल निर्माण की स्वीकृति भी दी. मुख्यमंत्री ने नुआखाई पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह त्यौहार हमारी कृषि संस्कृति, किसानों के परिश्रम और प्रकृति के प्रति आभार का प्रतीक है.
सिंचाई परियोजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर से बदलेगी किसानों की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ क्षेत्र के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना पर काम शुरू किया गया है, जो इस क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी. राज्य में विकास की गति को तेज करने के लिए 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाओं की शुरुआत की गई है. सरकार का उद्देश्य इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास का सीधा लाभ आम नागरिकों, किसानों और युवाओं तक पहुंचाना है.
पीएम आवास योजना और सुशासन से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा लाभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत रोजाना करीब 1,600 पक्के मकानों का निर्माण हो रहा है. इसके साथ ही, पारदर्शी व्यवस्था और सुशासन के लिए 'मुख्यमंत्री हेल्पलाइन', 'सेवा सेतु' और 'अटल डिजिटल सेवा केंद्र' जैसी पहल शुरू की गई हैं. उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने शुरुआती ढाई वर्षों में मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा कर दिया है.
बस्तर में शांति और पुनर्वास से बन रही छत्तीसगढ़ की नई पहचान
नक्सलवाद के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से बस्तर में शांति और विश्वास का नया माहौल बना है. हिंसा का रास्ता छोड़ने वाले लोगों के पुनर्वास के लिए 15,000 मकान स्वीकृत किए गए हैं. छत्तीसगढ़ अब भय और संघर्ष से आगे बढ़कर विकास, विश्वास और समृद्धि के रास्ते पर नई पहचान गढ़ रहा है.
शिक्षा से ही संभव है उज्ज्वल भविष्य
समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है. युवा अपने ज्ञान और कौशल से परिवार, समाज और पूरे राज्य का नाम रोशन करें. कार्यक्रम में मौजूद वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने भी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और अपने विधायक मद से बेलरिया में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की. इस अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी विचार व्यक्त किए.