जशपुर में हाथियों का तांडव: 70 वर्षीय बुजुर्ग को पटककर मार डाला
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मानव-हाथी संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है. बगीचा वन परिक्षेत्र के घुघरी कदमटोली गांव में देर रात 16 हाथियों के दल ने भारी तबाही मचाते हुए 70 वर्षीय बुजुर्ग मार्शल एक्का को मौत के घाट उतार दिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का यह दल पिछले कुछ दिनों से घुघरी के जंगलों में डेरा डाले हुए था. रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि हाथियों का समूह जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र कदमटोली पहुंचा.
वहां जंगल के किनारे कच्चे मकान में सो रहे बुजुर्ग मार्शल एक्का को हाथियों की आहट का अहसास हुआ. जान बचाने के लिए उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथियों ने उन्हें घेर लिया. एक हाथी ने अपनी सूंड से उठाकर बुजुर्ग को जमीन पर दे मारा और पैर से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वन विभाग ने त्वरित राहत राशि के रूप में मृतक के परिजनों को 25,000 रुपये प्रदान किए हैं. जशपुर के डीएफओ शशी कुमार ने बताया कि बाकी मुआवजा राशि के लिए प्रकरण तैयार किया जा रहा है और कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही नियमानुसार पूरी राशि परिजनों को दे दी जाएगी.
फिलहाल 16 हाथियों का यह दल महुआडीह के जंगलों में मौजूद है. वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है. आसपास के ग्रामीणों को अलर्ट रहने और हाथियों के करीब न जाने की सख्त हिदायत दी गई है.