दुर्ग: आर्थिक तंगी और बीमारी से टूटे पिता-पुत्र ने जहर खाकर दी जान
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आपापुरा में रहने वाले एक पिता और उसके जवान बेटे ने मौत को गले लगा लिया. शनिवार को दोनों के शव उनके किराए के मकान में संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात निकलकर सामने आई है कि आर्थिक तंगी और लंबे समय से चली आ रही बीमारी से तंग आकर दोनों ने यह घातक कदम उठाया है.
मृतकों की पहचान अरुण टंडिया और उनके पुत्र पंकज टंडिया के रूप में हुई है.
घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार सुबह काफी देर तक उनके घर का दरवाजा नहीं खुला. पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया.
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब दरवाजा तोड़ा, तो पिता-पुत्र बिस्तर पर मृत पड़े थे.
तलाशी के दौरान पुलिस को बाथरूम से जहर की एक शीशी बरामद हुई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि दोनों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जांच में पता चला है कि यह परिवार पिछले कुछ समय से बेहद कठिन दौर से गुजर रहा था. पंकज मिर्गी की बीमारी से ग्रसित था, जिसके कारण वह अक्सर परेशान रहता था, वहीं बुजुर्ग पिता भी अस्वस्थ थे.
छह महीने पहले पंकज की मां के निधन के बाद घर की स्थिति और भी खराब हो गई थी.
घर में खाना बनाने वाला कोई नहीं था, इसलिए पंकज टिफिन सेंटर से भोजन लाकर अपना और अपने पिता का गुजारा कर रहा था.
शुक्रवार रात भी उसे टिफिन लाते देखा गया था, जिसके बाद संभवतः दोनों ने रात का खाना खाया और फिर सुसाइड कर लिया. पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक समय और कारणों की पुष्टि हो सके.