Durg: Body of youth who drowned in Shivnath River recovered after three days.
दुर्ग । संवाददाता: जेवरा सिरसा के भटगांव क्षेत्र में शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान डूबे 25 वर्षीय युवक पवन ठाकुर का शव तीन दिनों के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया. SDRF की गोताखोर टीम ने लगातार तीन दिनों तक नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाशी अभियान चलाकर आखिरकार ग्राम डांडेसरा के पास से शव को बाहर निकाला.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामुल के घासीदास नगर (वार्ड क्रमांक 23) निवासी पवन कुमार ठाकुर पिता अनिल कुमार ठाकुर गत 20 सितंबर को शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था. इस दौरान अचानक पैर फिसलने या अंदाजा न होने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और नदी के तेज बहाव में बह गया.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन को सूचित किया गया, जिसके बाद जिला सेनानी के निर्देशन में SDRF की टीम मोटर बोट, गोताखोरों और आधुनिक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची.
नदी में पानी का तेज बहाव और जलस्तर के भीतर कम दृश्यता (विजिबिलिटी) होने के कारण बचाव दल को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. एसडीआरएफ की टीम ने लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और सर्च हुक की मदद से नदी के संभावित और गहरे हिस्सों में लगातार तीन दिनों तक गहन खोजबीन की.
बुधवार को ग्राम डांडेसरा के पास नदी में गोताखोरों को युवक का शव दिखाई दिया, जिसे सुरक्षित बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और वे तीन दिनों से नदी किनारे अपनों की राह देख रहे थे. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.