रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

धरने पर बैठी बहुएं, तहसीलदार के घर का मामला

ससुराल वालों पर दहेज का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठी बहुएं

H

Hupendra Sharma

19 जून 2025, 03:11 PM 4 मिनट में पढ़ें 3

धरने पर बैठी बहुएं
धरने पर बैठी बहुएं

बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए दो बहुएं घर के बाहर धरना दे रही हैं. बहुओं का आरोप है कि पिछले चार दिनों से ससुराल में घर के भीतर जाने के इंतजार में बाहर बैठी हुई हैं.


यह कोई साधारण मामला नहीं बल्कि तहसीलदार और सहायक संचालक के घर का मामला है. वहीं दोनों महिलाओं द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को ससुराल वालों ने बेबुनियाद और गलत बताया है.

विज्ञापन


दरअसल, तहसीलदार राहुल गुप्ता की पत्नी रेणु गुप्ता और उनके छोटे भाई रोहित गुप्ता की पत्नी वंदना गुप्ता पिछले 16 जून से अपने ससुराल के बाहर बैठी हैं.


राहुल गुप्ता दंतेवाड़ा में तहसीलदार हैं. उसके पिता मत्स्यपालन विभाग में सहायक संचालक हैं.


रेणु गुप्ता ने अपने तहसीलदार पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है.


उन्होंने अपनी पीड़ा का एक वीडियो बनाकर वायरल भी किया है. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार भी लगाई है.


छोटी बहू वंदना गुप्ता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट की. दहेज नहीं देने की वजह से उन्हें घर से निकाल दिया गया. अब पति को उनसे अलग कर मध्यप्रदेश में छिपा दिया गया है. 


वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुवार को सुबह प्रशासन हरकत में आया.


बालोद एसडीएम नूतन कंवर मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका है. अब ससुराल पक्ष के लोग भी बालोद थाने में दोनों बहुओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे हैं.


दहेज प्रताड़ना का आरोप

अंबिकापुर की रहने वाली रेणु गुप्ता की शादी बालोद के झलमला निवासी नायब तहसीलदार राहुल गुप्ता के साथ नवंबर 2022 में हुई थी.


यह शादी सरगुजा जिले के सीतापुर के आमाटोली सुंदरनगर गांव में रीति-रिवाजों के साथ हुई थी.


रेणु गुप्ता का आरोप है कि शादी के महज डेढ़ महीने बाद ही उसे ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे. उसे कई बार घर से बाहर निकाल दिया गया.


इस बीच उसका अबॉर्शन भी करा दिया. तीन दिन पहले वह मायके से फिर ससुराल लौटी तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया. तब से वह बाहर ही बैठी है.


रेणु गुप्ता का कहना है कि वह अपने पति के साथ रहना चाहती है. लेकिन सास ससुर घर में ताला लगाकर बाहर चले गए हैं.


उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मानवता के नाते मदद करने और न्याय दिलाने की अपील की है. 


छोटी बहू ने लगाया पति को छुपाने का आरोप

छोटी बहू वंदना गुप्ता बालोद के झलमला की रहने वाली हैं. उनका रोहित गुप्ता के साथ आर्य समाज में जनवरी 2024 में प्रेम विवाह हुआ था.


वंदना का कहना है कि शादी के बाद वह पति रोहित के साथ बाहर रह रही थी. लेकिन ससुराल वाले उन्हें जबरन बुला लिए. 


वंदना का आरोप है कि उसके बाद जेठ तहसीलदार,ससुर और सास ने हम दोनों से मारपीट की.


इसके बाद दहेज की मांग की गई, जब नहीं दे पाई तो बाहर भगा दिया गया. कुछ दिन बाद मेरे पति को झलमला बुलाया गया. उसके बाद उन्हें छिपाकर रखे हैं.


इसकी शिकायत थाने में की है, पर पुलिसवाले कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं.


दोनों बेटों का मामला, वही निपटें

इस संबंध में तहसीलदार राहुल गुप्ता का कहना है कि उनकी पत्नी रेणु का उनके परिवार वालों के साथ आपसी तालमेल नहीं बन पाया. जिस वजह से उनके साथ अक्सर विवाद होते रहा. उसने अलग रहने के लिए कोर्ट में याचिका लगाई है.


उन्होंने कहा कि अब पूरा मामला न्यायालय के अधीन है. न्यायालय के फैसले का इंतजार है. दहेज और मारपीट का आरोप गलत है. 


वहीं राहुल के पिता सहायक संचालक सतीश चंद गुप्ता का कहना है कि हम पति-पत्नी बीमार रहते हैं. हमें परेशान ना किया जाए. यह दोनों बेटों का मामला है वही निपटें. जबकि बहुओं द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को उन्होंने गलत बताया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP