रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दंतेवाड़ा: जादू-टोना के संदेह में ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या, शव जलाया

C

CG Khabar

05 सित. 2026, 01:21 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पिटाई
पिटाई

दंतेवाड़ा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अरनपुर थाना क्षेत्र के पोरोपरिया पटेलपारा में जादू-टोना करने के शक में एक 53 वर्षीय ग्रामीण की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में नामजद शिकायत के बाद छह स्थानीय निवासियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. 


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक (FSL) टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं.

विज्ञापन


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना 1 सितंबर की है जब गांव में बुलाई गई एक बैठक के बाद अचानक माहौल बिगड़ गया. ग्रामीणों को संदेह था कि मृतक जोगा मंडावी द्वारा किए जा रहे तंत्र-मंत्र के कारण गांव में तरह-तरह की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं. 


बैठक समाप्त होने के बाद नामजद आरोपी-कोसा मंडावी, नंदा मंडावी, नंदा कोवासी, आयता कवासी, भीमा मंडावी और हिड़मा बारसे-पीड़ित के घर में जबरन घुस आए. आरोपियों ने परिजनों को बंधक बनाकर महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट की. 


जब जोगा मंडावी ने अपने परिवार का बचाव करने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.


अपराध को छिपाने के इरादे से आरोपियों ने हत्या के बाद शव को ले जाकर चुपचाप जला दिया. इसके बाद पीड़ित परिवार ने किसी तरह अरनपुर पहुंचकर पुलिस में आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई. 


परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और बंधक बनाने सहित बीएनएस की धारा 103(1), 190, 191, 332(1), 238, 127(2), 115(2), 351 और 296 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पूरी तरह से खुलासा हो सकेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP