स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों के बीच टक्कर: 64 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 80 से अधिक घायल
स्पेन के टोलेडो में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की जोरदार भिड़ंत से बड़ा हादसा. 64 यात्रियों की मौत की पुष्टि, 80 से अधिक घायल. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी.
नई दिल्ली । डेस्क: मध्य स्पेन के कास्टिला ला मांचा क्षेत्र में टोलेडो प्रांत के उर्डा और लोस येबेंस के बीच दो हाई-स्पीड ट्रेनों के आपस में टकराने से कम से कम 64 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में 80 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. बचाव दल राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं, जिससे मृतकों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब एक हाई-स्पीड ट्रेन ने अपनी ही पटरी पर आगे चल रही और रुकी हुई दूसरी ट्रेन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस जबरदस्त भिड़ंत के कारण ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरकर गहरे खड्ड में जा गिरे.
दुर्घटना में स्पेन की प्रमुख रेल सेवा प्रदाताओं 'रेनफे एवीई' और 'इरियो' की ट्रेनें शामिल थीं. टक्कर इतनी तीव्र थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और दोनों ट्रेनों को भारी नुकसान पहुंचा.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय आपातकालीन टीमों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया. घायलों की मदद और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी कस्बों के खेल परिसरों को अस्थायी चिकित्सा केंद्रों में तब्दील कर दिया गया है.
स्पेन के रेल नेटवर्क ऑपरेटर (Adif) ने सुरक्षा के लिहाज से मैड्रिड और अंडालूसिया के बीच चलने वाली सभी हाई-स्पीड रेल सेवाओं को फिलहाल पूरी तरह निलंबित कर दिया है.
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ितों और उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं. वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष एमिलियानो गार्सिया-पेज ने स्थिति का जायजा लेने के लिए दुर्घटनास्थल का दौरा किया है. यह इस वर्ष स्पेन में हुआ दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा है, जिसने देश के हाई-स्पीड रेल नेटवर्क की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.