दिवाली पर व्यापार ठप होने की आशंका: CTI ने 1 नवंबर की रामलीला मैदान रैली टालने की अपील
दिवाली सीजन में दिल्ली के 20 प्रमुख बाजारों का कारोबार प्रभावित न हो, इसके लिए CTI ने राहुल गांधी से 1 नवंबर की INDIA ब्लॉक रैली को टालने की मांग की है. व्यापारियों ने चर्चा के लिए 20 मिनट की बैठक का समय मांगा है.
नई दिल्ली । डेस्क: चेंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से 20 मिनट का समय मांगा है, ताकि उन्हें यह समझाया जा सके कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली 'INDIA' गठबंधन की महारैली से दिल्ली के 20 प्रमुख बाजारों का व्यापार किस तरह प्रभावित हो सकता है. त्यौहारों के इस सीजन में दिवाली से ठीक पहले होने वाली इस रैली को लेकर व्यापारियों में भारी चिंता है.
CTI के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र भेजकर आग्रह किया है कि लगभग 10 लाख लोगों की भीड़ जुटने की संभावना वाली इस रैली को दिवाली के बाद तक के लिए स्थगित कर दिया जाए.
व्यापारियों का तर्क है कि आयोजन स्थल से 1 से 5 किलोमीटर के दायरे में स्थित बाजारों में यातायात और सुरक्षा कारणों से ग्राहकों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ेगा. पिछले चार दिनों में CTI द्वारा राहुल गांधी को लिखा गया यह दूसरा पत्र है.
इससे पहले 24 अक्टूबर को भी व्यापारियों ने पत्र लिखकर व्यापारिक गतिविधियों के बचाव के लिए रैली टालने का अनुरोध किया था.
पत्र में बृजेश गोयल ने कहा कि व्यापारी कोई विवाद नहीं बल्कि संवाद चाहते हैं. राहुल गांधी हमेशा छोटे व्यापारियों की आवाज सुनने की बात करते हैं, इसीलिए 20 बाजारों के प्रतिनिधि उनसे 20 मिनट के संवाद की मांग कर रहे हैं.
CTI ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि राहुल गांधी उन्हें यह समझा देते हैं कि इस रैली से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, तो वे अपना विरोध वापस ले लेंगे. लेकिन यदि व्यापारी यह साबित करने में सफल होते हैं कि इससे नुकसान होगा, तो रैली स्थगित की जानी चाहिए.
प्रभावित होने वाले मुख्य बाजारों में चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, भागीरथ पैलेस, चावड़ी बाजार, कश्मीरी गेट, करोल बाग, दरियागंज, पहाड़गंज, नया बाजार, और जामा मस्जिद-मीना बाजार शामिल हैं.
उल्लेखनीय है कि INDIA ब्लॉक 'वोट चोरी' के मुद्दे पर सरकार को घेरने और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर इस रैली का आयोजन कर रहा है.