तीन बार के एशियाई पैरा खेल चैंपियन नीरज यादव ने की खुदकुशी
भारतीय पैरा-खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर आई है. तीन बार के एशियाई पैरा खेल चैंपियन नीरज यादव ने जहक खाकर आत्महत्या कर ली है. जिससे पूरे खेल प्रेमी सदमे में हैं.
नई दिल्ली । डेस्क: भारत के स्टार पैरा-एथलीट और तीन बार के एशियाई पैरा खेलों के स्वर्ण पदक विजेता नीरज यादव ने जहक खाकर खुदकुशी कर ली है. राष्ट्रीय मुख्य पैरा-एथलेटिक्स कोच एस. सत्यनारायण ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि नीरज का उनके आवास पर निधन हुआ है. यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है, तथा इस कदम के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश के रहने वाले नीरज यादव देश के सबसे सफल और प्रेरणादायक पैरा-एथलीटों में से एक थे. सात साल की उम्र में पोलियो से ग्रसित होने के बाद भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी और व्हीलचेयर को अपना साथी बनाकर खेल की दुनिया में अपनी पहचान बनाई.
करीब सात साल तक व्हीलचेयर टेनिस खेलने के बाद, उन्होंने साल 2015 में एथलेटिक्स की शुरुआत की.
नीरज का एथलेटिक्स करियर उपलब्धियों से भरा रहा. उन्होंने 2018 एशियाई पैरा खेलों में भाला फेंक (F55 श्रेणी) में 29.84 मीटर के एशियाई रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता.
इसके बाद अक्टूबर 2023 में चीन के हांगझोउ में आयोजित 2022 एशियाई पैरा खेलों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिस्क थ्रो और भाला फेंक दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए.
इसके अलावा, उन्होंने 2022 में मोरक्को के मैराकेश पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था.
नीरज यादव के असामयिक निधन से पूरे भारतीय खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.