रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में 13 दिसंबर तक रहेगी शीतलहर, येलो अलर्ट जारी

C

CG Khabar

09 दिस. 2025, 08:15 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

ठंड आग तापना
ठंड आग तापना

नई दिल्ली । डेस्क: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार, 9 दिसंबर को देश के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति की भविष्यवाणी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. छत्तीसगढ़ के निवासियों को अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि यह स्थिति 13 दिसंबर तक जारी रहने की आशंका है.


मौसम कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में चेतावनी दी है कि मध्य, पूर्वी और उत्तरी भारत में 9 से 12 दिसंबर तक गंभीर शीतलहर बने रहने की संभावना है. इसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है, जहां 10 से 13 दिसंबर के बीच शीतलहर की स्थिति रहने का अनुमान है. इस दौरान, मध्य प्रदेश और ओडिशा भी प्रभावित रहेंगे.

विज्ञापन


IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और पश्चिम भारत में भी ठंड की स्थिति 10 दिसंबर से शुरू होकर 12 दिसंबर तक जारी रहेगी. इसके अलावा, पंजाब में 11 से 13 दिसंबर तक, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 12 और 13 दिसंबर को शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल सकता है.


छत्तीसगढ़ के साथ ही, पंजाब, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश और तेलंगाना भी उन राज्यों में शामिल हैं, जो मंगलवार को शीतलहर की चपेट में आएंगे. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों जैसे मिजोरम, मणिपुर, मेघालय और असम के लिए सुबह के समय घने कोहरे का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.


मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ सहित सभी प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को आवश्यक सावधानियां बरतने और आधिकारिक मौसम बुलेटिनों से अपडेट रहने की सलाह दी है.


मौसम विभाग के अलर्ट चार कलर में होते हैं ग्रीन, येलो, ऑरेंज और रेड. मौसम विभाग अलर्ट्स के लिए इन रंगों का चुनाव कई एजेंसियों के साथ मिलकर तय करता है.


ग्रीन अलर्ट 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ग्रीन अलर्ट का मतलब होता है कि मौसम ठीक है. इस अलर्ट की वजह से कोई भयानक स्थिति पैदा नहीं हो रही. मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया जाता है.


येलो अलर्ट

मौसम विभाग के येलो अलर्ट का मतलब खतरे के प्रति सचेत रहें. येलो अलर्ट के तहत लोगों को सचेत रहने के लिए निर्देश दिए जाते है. यह अलर्ट जस्ट वॉच का सिग्नल है. क्योंकि कोई भी दिक्कत आ सकती है. येलो अलर्ट अनुसार, मौसम अधिक खराब हो सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहना चाहिए.


ऑरेंज अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट का अर्थ यह है कि खतरे की पूरी संभावना हैं आप तैयार रहें. मौसम विभाग गंभीर स्थिति के लिए इसको जारी करता है. इससे निपटने के लिए संबंधित अधिकारियों को तैयार रहने को कहा जाता है. ऑरेंज अलर्ट जारी होने पर लोगों को इधर-उधर जाने के प्रति सावधानी बरतने के लिये कहा जाता है.


रेड अलर्ट

मौसम विभाग के रेड अलर्ट का मतलब स्थिति खतरनाक है. मौसम विभाग के अनुसार जब भी मौसम खतरनाक हो जाता है और भारी नुकसान होने की संभावना होती है जब इस अलर्ट को जारी किया जाता है. रेड अलर्ट में भयंकर तूफान आने की पूरी संभावना होती है. इसके साथ ही स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन से जरूरी कदम उठाने को लेकर निर्देश दिए जाते हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP