रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में टीबी जांच के लिये 156 ट्रू नाट मशीनें

C

CG Khabar

02 अग. 2025, 06:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

 ट्रू नाट मशीन
ट्रू नाट मशीन

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (CGMSCL) ने जानकारी देते हुए कह कहा है कि छत्तीसगढ़ में टीबी जांच के लिए ट्रू नाट मशीन और एमटीबी किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. सीजीएमएससी के अनुसार, वर्तमान में छत्तीसगढ़ के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 156 ट्रू नाट मशीनें कार्यरत हैं. 


सीजीएमएससी ने जानकारी दी है कि ट्रू नाट मशीनें और एमटीबी किट्स राज्य में पहले से ही उपलब्ध हैं, और टीबी जांच सेवाओं में कोई बाधा नहीं आने दी जायेगी.

विज्ञापन


टीबी जैसे संक्रामक रोग के सटीक और समय पर निदान के लिए ट्रू नाट मशीनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. ये मशीनें अत्याधुनिक आणविक जांच तकनीक पर आधारित हैं, जो टीबी और दवा-प्रतिरोधी टीबी की तीव्र एवं विश्वसनीय पहचान करती हैं. इसके संचालन के लिये आवश्यक एमटीबी किट की आपूर्ति अनिवार्य होती है.


टीबी जांच की निरंतरता बनाये रखने के लिए हाल ही में 83,705 एमटीबी किट रायपुर वेयरहाउस में आपूर्ति की गई हैं. छत्तीसगढ़ के 16 आधुनिक दवा वेयरहाउसों के माध्यम से इन किट्स का राज्य भर में इंटर वेयरहाउस ट्रांसफर किया जा रहा है.


सीजीएमएससी के महाप्रबंधक (उपकरण) डॉ. अमित भारद्वाज ने जानकारी दी है कि अगले सप्ताह तक सभी स्वास्थ्य संस्थानों में किट की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी, जिससे राज्यभर में जांच सेवायें पूरी क्षमता से सुचारु रूप से जारी रहेंगी.


सीजीएमएससी ने स्पष्ट किया कि वह राज्य शासन के टीबी उन्मूलन मिशन को सफल बनाने के लिये दवाओं, जांच किट्स और मशीनों की निर्बाध आपूर्ति हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP