छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत 75 हजार तक की खेलवृत्ति
जगदलपुर । संवाददाता: खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए खेलवृत्ति हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के अनुसार 75 हजार रुपये तक की खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी. इच्छुक खिलाड़ी 16 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.
विभाग से जारी सूचना के अनुसार, ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड और नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में वर्ष 2024-25 के दौरान पदक जीतने वाले खिलाड़ी इस योजना के लिए पात्र होंगे. योजना का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता देकर उनके खेल करियर को आगे बढ़ाना है.
खेलवृत्ति राशि विभिन्न वर्गों में निर्धारित की गई है. सीनियर वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 75 हजार, 50 हजार और 40 हजार रुपये दिए जाएंगे.
जूनियर वर्ग के पदक विजेताओं को क्रमशः 60 हजार, 40 हजार और 30 हजार रुपये तथा सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को क्रमशः 50 हजार, 25 हजार और 20 हजार रुपये की सहायता राशि मिलेगी.
योजना के तहत वही खिलाड़ी पात्र होंगे जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हों और प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व किया हो. खेलवृत्ति के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित की गई है. यदि किसी खिलाड़ी ने एक से अधिक वर्गों में पदक जीता है, तो उसे उसकी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर केवल एक बार ही खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी.
इच्छुक खिलाड़ी अपने आवेदन कार्यालयीन समय में सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, हॉस्टल बिल्डिंग, इंदिरा स्टेडियम, जगदलपुर या संचालनालय, रायपुर में जमा कर सकते हैं. आवेदन पत्र का प्रारूप विभागीय वेबसाइट bastar.gov.in पर उपलब्ध है, जिसे इंदिरा स्टेडियम स्थित कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकता है.