सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर में चाइनीज मांझे से महिला जख्मी, 10 टांके लगे

C

CG Khabar

12 जन. 2026, 08:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

चाइनीज मांझा
चाइनीज मांझा

रायपुर । संवाददाता: मकर संक्रांति के त्यौहार से ठीक पहले रायपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का जानलेवा आतंक फिर सामने आया है. रविवार शाम ब्राह्मणपारा निवासी नेहा यादव जब लाखेनगर स्थित मंदिर जा रही थीं, तभी अचानक एक आवारा पतंग की डोर उनके चेहरे में फंस गई. जैसे ही उन्होंने बचाव के लिए हाथ बढ़ाया, धारदार सिंथेटिक मांझे ने उनके होंठ और अंगूठे को बुरी तरह काट दिया. 


अत्यधिक खून बहने की स्थिति में स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके घावों पर 10 टांके लगाने पड़े. 

विज्ञापन


इस गंभीर घटना के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रदेशवासियों से इस खतरनाक मांझे का उपयोग न करने की अपील की है. 


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करें और बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि खुशियों के इस त्यौहार में सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए पारंपरिक धागों का ही उपयोग करें.


उल्लेखनीय है कि रायपुर में चाइनीज मांझे से होने वाली यह पहली दुर्घटना नहीं है. पिछले साल जनवरी 2025 में एक 7 वर्षीय बालक की मांझे से गला कटने के कारण मौत हो गई थी, वहीं कई अन्य लोग भी इसके कारण गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं. 


हालांकि नगर निगम और पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं, लेकिन चोरी-छिपे इसकी बिक्री अब भी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. 

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने इंसानों, पक्षियों और पर्यावरण के लिए खतरे को देखते हुए 2017 से ही नायलॉन और कांच युक्त मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है.


गौरतलब है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा नायलॉन या सिंथेटिक धागों से बना होता है. जिस पर कांच और लोहे के चूरे जैसे पदार्थों का लेप चढ़ाया जाता है ताकि यह अत्यधिक धारदार और अटूट बन जाए. पारंपरिक सूती धागे के विपरीत, यह आसानी से नहीं टूटता और किसी तेज ब्लेड की तरह इंसानों के अंगों को काटने के साथ-साथ बेकसूर पक्षियों के लिए जानलेवा साबित होता है. 


प्रकृति में न गलने और बिजली का सुचालक होने के कारण यह पर्यावरण और सुरक्षा दोनों के लिए बड़ा खतरा है, जिसके चलते नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने 2017 से ही इसकी बिक्री और उपयोग पर देशव्यापी प्रतिबंध लगा रखा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP