रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर से 10 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में

C

CG Khabar

17 जून 2025, 01:52 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

बांग्लादेशी नागरिक
बांग्लादेशी नागरिक

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है. इनमें पुरुष, महिलायें और नाबालिग शामिल हैं. टिकरापारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की. सभी को थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है.


पुलिस को जानकारी मिली थी कि टिकरापारा के विभिन्न इलाकों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीन परिवारों से पूछताछ शुरू की. जब उनसे पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज मांगे गये, तो वे कोई ठोस जवाब नहीं दे सके. सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि वे बांग्लादेश के मूल निवासी हैं. पुलिस ने तीन दंपतियों सहित कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया है.

विज्ञापन


हिरासत में लिए गये लोग पिछले 15-20 सालों से रायपुर में रह रहे हैं और इस दौरान उन्होंने आधार कार्ड, राशन कार्ड जैसे दस्तावेज भी बनवा लिये हैं. पुलिस अब उनके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है और स्थानीय संपर्कों का पता लगा रही है.


पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले भी एक बांग्लादेशी दंपती, मोहम्द दिलावर और उनकी पत्नी, को हिरासत में लिया गया था. उनकी पूछताछ में एक एजेंट के जरिये रायपुर पहुंचने की जानकारी सामने आई थी. 


वर्तमान मामले में भी उसी एजेंट की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल, मुंबई, और नागपुर के रास्ते रायपुर पहुंचने के लिए कई एजेंट सक्रिय हैं. हाल के वर्षों में रायपुर के विभिन्न हिस्सों में बांग्लादेश और अन्य देशों के लोग अवैध रूप से रह रहे हैं.


पश्चिम क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दौलत राम पोर्ते ने बताया, "हिरासत में लिये गये संदिग्धों से पूछताछ जारी है. उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है. जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जायेगा."


पुलिस का कहना है कि अवैध प्रवासियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. इस मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP