कोरबा: पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने नशे में दुकान में घुसाई गाड़ी, थाने से फरार
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के पुत्र संदीप कंवर ने शराब के नशे में धुत होकर अपनी तेज रफ्तार कार सीधे एक सेवई की दुकान में घुसा दी. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इतवारी बाजार के पास की है, जहाँ अनियंत्रित वाहन ने अज़ीन कुरैशी नामक व्यवसायी की दुकान को भारी नुकसान पहुँचाया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद जब पीड़ित दुकानदार ने इस लापरवाही का विरोध किया, तो संदीप कंवर ने अपनी गलती मानने के बजाय अपने पिता के राजनीतिक रसूख का हवाला देते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी.
'पूर्व विधायक रामपुर' लिखी गाड़ी से उतरे संदीप ने सरेआम चुनौती देते हुए कहा कि वह ननकीराम का बेटा है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता. इस दौरान जब एक राहगीर ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ भी अभद्रता की.
मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर कोतवाली थाने पहुँचाया. बताया जा रहा है कि थाने के भीतर भी संदीप का हंगामा जारी रहा और उसने पुलिसकर्मियों के सामने ही पीड़ित पक्ष को धमकाया.
हद तो तब हो गई जब पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी अपनी कार लेकर थाने से भाग निकलने में कामयाब रहा. इस घटना ने खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि पीड़ित दुकानदार की बेटी स्वयं पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है.
सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है. इस संबंध में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अज़ीन कुरैशी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आश्वस्त किया है कि वाहन और चालक की शिनाख्त कर ली गई है और कानून के दायरे में रहकर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.