छत्तीसगढ़ में हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के लिलार गांव में एक जंगली हाथी ने 35 वर्षीय देवचरण निषाद को कुचलकर मार डाला. वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना तब हुई जब देवचरण अपने एक साथी के साथ खेत की ओर जा रहे थे.
अधिकारी के अनुसार, दोनों ने हाथी को देखा, लेकिन जहां देवचरण का साथी भागने में सफल रहा, वहीं हाथी ने देवचरण को उठाकर कुचल दिया. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया.
परिजनों को तत्काल 25,000 रुपये की सहायता राशि दी गई है, और शेष मुआवजा औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दिया जाएगा.
वन विभाग हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और ग्रामीणों को सतर्क कर रहा है.
उत्तरी छत्तीसगढ़ में पिछले एक दशक से मानव-हाथी संघर्ष चिंता का विषय बना हुआ है, जो अब मध्य क्षेत्र के कुछ जिलों, जैसे धमतरी, महासमुंद, और कांकेर में भी फैल रहा है.
वन विभाग के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में राज्य में हाथी के हमलों में 320 से अधिक लोग मारे गये हैं.