छत्तीसगढ़: धमतरी में धर्म परिवर्तन करने वाले व्यक्ति के शव को बाड़ी में दफनाने पर बवाल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धमतरी के मुनिकेरा गांव में ईसाई धर्म अपना चुके एक व्यक्ति के शव को घर की बाड़ी में दफनाने पर भारी बवाल हो गया. ग्रामीणों और आदिवासी समाज के कड़े विरोध के बाद प्रशासन को दखल देना पड़ा और करीब 5 घंटे चले हंगामे के बाद शव को जमीन से खोदकर बाहर निकाला गया.
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दुगली थाना क्षेत्र अंतर्गत मुनिकेरा गांव में रविवार रात उस समय तनाव फैल गया जब ईसाई धर्म अपना चुके जलसिंह नेताम के परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार घर के पीछे बाड़ी में कर दिया. जलसिंह ने करीब 15 साल पहले धर्मांतरण किया था.
शव दफनाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी समाज के लोग वहां जमा हो गए और इसका विरोध शुरू कर दिया. ग्रामीणों की मांग थी कि शव को निर्धारित कब्रिस्तान में ही दफनाया जाए, जबकि परिजन घर की बाड़ी में दफनाने की जिद पर अड़े थे.
विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर एसडीएम, तहसीलदार और भारी पुलिस बल को मोर्चा संभालना पड़ा. प्रशासन की समझाइश और आदेश के बाद आखिरकार शव को कब्र से निकाला गया. धमतरी एसपी सूरज सिंह परिहार ने बताया कि वर्तमान में गांव में शांति है और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया है. प्रशासन स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है.