चिरमिरी के कोयला खदान में ब्लास्ट, 10 घायल
चिरमिरी के कोयला खदान में बारुद भऱते समय जोरदार ब्लास्ट
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है. चिरमिरी स्थित ओपन कास्ट कोयला खदान में बारूद भरते समय एक भीषण विस्फोट हो गया. इस हादसे में कुल 10 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब खदान में ब्लास्टिंग के लिए बारूद भरा जा रहा था. विस्फोट इतना जोरदार था कि खदान में मौजूद बारूद ले जा रहे वाहन समेत एक अन्य गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.
विस्फोट के बाद, मौके पर काम कर रहे 10 मजदूर मलबे में दब गए. इन घायलों में चार ठेका मजदूर और छह एसईसीएल (SECL) के कर्मचारी शामिल हैं. घायलों में दो महिला मजदूर भी हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और मलबे में दबे हुए लोगों को बाहर निकाला. सभी घायल मजदूरों को इलाज के लिए गोदरीपारा के रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को गहन उपचार की आवश्यकता है.
घटना की जानकारी मिलते ही चिरमिरी नगर निगम के महापौर राम नरेश राय और एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल परिसर में मौजूद हैं.
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर बारूद भरते समय यह विस्फोट कैसे हुआ. बताया जा रहा है कि ब्लास्ट के कारण ओपन कास्ट माईन्स की कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है.