छत्तीसगढ़: कबीरधाम में अंधे कत्ल का मामला सुलझा, 6 गिफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में सहसपुर लोहारा थाना पुलिस ने ग्राम पैलपार के एक खेत में स्थित कुएं से मिले 25 वर्षीय युवक के शव के मामले सुलझा लिया. मृतक की पहचान किशन उर्फ पाव वर्मा, निवासी ग्राम ढेकापुर के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी आपसी दुश्मनी के कारण 5 जनवरी को थान खम्हरिया क्षेत्र में शराब भट्टी के पास चखना दुकान के समीप आरोपी ने किशन वर्मा पर हमला किया. युवक को अकेला पाकर पहले मारपीट की गई, फिर चाकू से गंभीर चोटें पहुंचाईं.
बेहोश होने पर उसे बाइक पर बैठाकर पैलपार मुक्तिधाम के निकट सुनसान जगह ले जाया गया. वहां लकड़ी के बत्तों से बारी-बारी हमला कर मौके पर ही उसकी हत्या कर दी गई.
हत्या के बाद अपराध छिपाने के इरादे से शव को सुमित जैन के खेत वाले कुएं तक घसीटा गया. वहां ईंट-कंक्रीट से जुड़े भारी पत्थरों को रस्सी से बांधकर शव के साथ कुएं में फेंक दिया. 27 जनवरी को कुएं से शव बरामद होने पर प्रथम दृष्टया यह अंधा कत्ल लग रहा था, लेकिन पुलिस ने विभिन्न टीमों का गठन कर गहन जांच की.
मृतक की दिनचर्या, संपर्कों और घटनाक्रम की सूक्ष्म पड़ताल के बाद मुख्य आरोपी प्रकाश धुर्वे (25), उमेश उर्फ लक्की राजपूत (20), खेमलाल उर्फ ईशु निषाद (20) सभी निवासी वार्ड 9, थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा तथा तीन नाबालिगों से पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूल लिया. पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
सहसपुर लोहारा थाना प्रभारी टीआई मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.