बीजापुर: 102 पंचायतों में मोबाइल नेटवर्क, 69 गांवों में टावर स्थापित
बीजापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर के बीजापुर जिले में डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. जिले के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा अब तेजी से विस्तार पा रही है, जिससे ग्रामीणों की पहुँच शासकीय योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और डिजिटल लेन-देन तक आसान हो गई है.
जिले की कुल 170 ग्राम पंचायतों में से, अब 102 ग्राम पंचायतों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध हो गई है. शेष 68 ग्राम पंचायतों में भी विस्तार का कार्य प्रगति पर है.
यूनीवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड (USOF) परियोजना के तहत बीएसएनएल और जियो द्वारा जिले के 330 गांवों में मोबाइल टॉवर स्थापित करने का प्रस्ताव है. इनमें से अब तक 69 ग्रामों में टावर स्थापना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है, और 8 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है.
इन प्रयासों से बीजापुर जिले के दूरस्थ, वनाच्छादित और माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में भी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा का दायरा बढ़ा है. नेटवर्क आने से ग्रामीणों को ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन और डिजिटल लेन-देन जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं तक पहुंच मिली है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी समय में जिले के सभी ग्रामों को नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि बीजापुर एक डिजिटल रूप से सशक्त जिलों की श्रेणी में शामिल हो सके. यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास और ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने में एक मील का पत्थर साबित हो रही है.