चांपा: पुलिस कस्टडी में संदिग्ध मौत, परिजनों का थाने का घेराव
चांपा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई है. घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय निवासियों ने चांपा थाने पहुंचकर परिसर का घेराव कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की.
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए एहतियात के तौर पर थाना परिसर व आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
मृतक की पहचान मेहंदीपारा निवासी 30 वर्षीय शिव सहिस के रूप में हुई है. उसे बुधवार दोपहर चांपा थाने के एक प्रशिक्षु उपनिरीक्षक और दो आरक्षकों ने उसके घर से पकड़ा था. पुलिस टीम का दावा था कि युवक के पास से 20 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई थी. हालांकि, हिरासत में लिए जाने के कुछ ही घंटों बाद देर रात थाने में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई.
तबीयत बिगड़ने पर पुलिस टीम उसे तुरंत उपचार के लिए स्थानीय बीडीएम अस्पताल लेकर पहुंची. वहां प्राथमिक इलाज देने के बाद चिकित्सकों ने गुरुवार सुबह लगभग 6:00 बजे उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि, जिला अस्पताल में जांच के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मामले में परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा की गई मारपीट की वजह से युवक की जान गई है. दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक को थाने में मिर्गी का दौरा पड़ा था और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई. अधिकारियों के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए जांजगीर जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है.