बृजमोहन FCI छत्तीसगढ़ परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष नियुक्त
रायपुर । संवाददाता: रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल को केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए भारतीय खाद्य निगम (FCI) की छत्तीसगढ़ राज्य परामर्शदात्री समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है. यह नियुक्ति संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना और पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल प्रभाव से की गई है.
इस नियुक्ति पर अग्रवाल ने भारत सरकार, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय तथा पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा, "यह नियुक्ति मेरे लिए गर्व और उत्तरदायित्व दोनों का विषय है. मैं छत्तीसगढ़ के किसानों, उपभोक्ताओं और खाद्य वितरण व्यवस्था को सशक्त, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा. FCI जैसी महत्वपूर्ण संस्था के परामर्शदात्री निकाय का नेतृत्व करना मेरे लिए जनसेवा का एक और अवसर है."
भारतीय खाद्य निगम (FCI) की परामर्शदात्री समिति का गठन खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करने के लिए किया जाता है. यह समिति FCI के कार्यों, जैसे खाद्यान्नों की खरीद, भंडारण, और वितरण, को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नीतिगत सुझाव देती है.
समिति का मुख्य उद्देश्य किसानों को उचित समर्थन मूल्य सुनिश्चित करना, उपभोक्ताओं तक खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना और खाद्य वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाना है.