‘भूल चूक माफ’ OTT पर आज से
नई दिल्ली । डेस्क: ‘भूल चूक माफ’ आज से ओटीटी प्लेटफार्म पर नज़र आयेगी. प्राइम वीडियो ने आज अपनी नई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म भूल चूक माफ के ग्लोबल स्ट्रीमिंग प्रीमियर की घोषणा की, जो 6 जून 2025 से भारत सहित 240 से अधिक देशों में उपलब्ध होगी. मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को दिनेश विजन ने प्रस्तुत किया है और करण शर्मा ने निर्देशित किया है. फिल्म में राजकुमार राव, वामिका गब्बी, संजय मिश्रा, और रघुवीर यादव जैसे शानदार कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं. बनारस की जीवंत गलियों में सेट यह फिल्म प्यार, हास्य, और आध्यात्मिकता का अनूठा मिश्रण पेश करती है, जिसमें टाइम-लूप का ट्विस्ट कहानी को और रोचक बनाता है.
भूल चूक माफ की कहानी रंजन (राजकुमार राव) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी बचपन की प्रेमिका तितली (वामिका गब्बी) से शादी का सपना देखता है. सरकारी नौकरी मिलने के बाद उसकी खुशी दोगुनी हो जाती है, लेकिन एक भूला हुआ वादा उसकी ज़िंदगी में उथल-पुथल मचा देता है. इसके बाद शुरू होती है एक मजेदार और भावनात्मक यात्रा, जहां रंजन को अपनी गलती सुधारने का मौका मिलता है. कहानी में देसी हास्य, गहरे इमोशन्स, और रंगीन विजुअल्स का तालमेल इसे खास बनाता है.
प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर मनीष मेंघानी ने कहा, “हमारा उद्देश्य ऐसी कहानियाँ लाना है जो दर्शकों के दिलों से जुड़ें. भूल चूक माफ हमारी कंटेंट लाइब्रेरी में एक शानदार जोड़ है. मैडॉक फिल्म्स के साथ मिलकर इस कहानी को थिएटर्स के बाद अब प्राइम वीडियो पर लाना रोमांचक है. यह फिल्म अपने देसी अंदाज़ और भावनात्मक गहराई के साथ दर्शकों को जरूर पसंद आयेगी.”
प्रोड्यूसर दिनेश विजन ने बताया, “यह फिल्म प्यार और रोज़गार के बीच की जंग को मजेदार और दिलचस्प अंदाज़ में दिखाती है. करण शर्मा ने इसे बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है. थिएटर्स में मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद, अब प्राइम वीडियो पर इसे वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की खुशी है.”
राजकुमार राव ने अपने किरदार के बारे में कहा, “रंजन की कहानी मुझे बहुत पसंद आई. उसका सीधा-सादा स्वभाव और एक भूले हुए वादे से शुरू होने वाली उथल-पुथल इस किरदार को खास बनाती है. इसे निभाना मेरे लिये चुनौतीपूर्ण और संतोषजनक था. अब प्राइम वीडियो पर यह कहानी दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेगी, यह मेरे लिए खुशी की बात है.”
वामिका गब्बी ने कहा, “भूल चूक माफ की कहानी में एक मासूमियत और भारतीय रोमांस की मिठास है. थिएटर्स में इसे मिले प्यार के बाद, अब प्राइम वीडियो पर इसे वैश्विक दर्शकों तक पहुंचते देखना बेहद खास है. यह कहानी प्यार, विश्वास, और प्रायश्चित की खूबसूरत झलक दिखाती है.”
भूल चूक माफ अमेज़न MGM स्टूडियोज़ और मैडॉक फिल्म्स की साझेदारी का है, जिसे करण शर्मा और हैदर रिज़वी ने लिखा है. यह फिल्म अपने हल्के-फुल्के हास्य, गहरे किरदारों, और बनारस की जीवंत पृष्ठभूमि के साथ दर्शकों को हंसाने और रुलाने का वादा करती है. प्राइम वीडियो पर यह फिल्म 6 जून से स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है.