शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

नेतन्याहू का विरोध: हॉलीवुड अभिनेत्री सुसान सरैंडन और हन्ना एइनबाइंडर हिरासत में

C

CG Khabar

25 सित. 2026, 07:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 12

 सुसान सरैंडन-हन्ना एइनबाइंडर
सुसान सरैंडन-हन्ना एइनबाइंडर

नई दिल्ली । डेस्क: संयुक्त राष्ट्र महासभा में इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संबोधन से ठीक पहले न्यूयॉर्क की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया. इस दौरान अमेरिकी पुलिस (NYPD) ने मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री सुसान सरैंडन और 'हैक्स' स्टार हन्ना एइनबाइंडर सहित 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है.


यह विरोध प्रदर्शन 'ज्यूश वॉयस फॉर पीस' नामक संगठन द्वारा आयोजित किया गया था. प्रदर्शनकारी संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए और यातायात बाधित कर दिया. 


उनके हाथों में "इज़राइल को हथियार देना बंद करो" और "नरसंहार खत्म करो" लिखे बैनर थे. न्यूयॉर्क पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन सड़क खाली न करने पर कार्रवाई की गई.


ऑस्कर विजेता फिल्म 'देलमा एंड लुईस' और 'डेड मैन वॉकिंग' की अभिनेत्री सुसान सरैंडन लंबे समय से गाज़ा युद्ध के खिलाफ आवाज उठाती रही हैं. हाल ही में वेनिस फिल्म फेस्टिवल में उन्होंने खुलासा किया था कि अपने खुलकर विचार रखने की वजह से उन्हें फिल्म उद्योग में काम खोना पड़ रहा है और कई एजेंसियां उन्हें कास्ट न करने की सलाह दे रही हैं.


दूसरी ओर, संयुक्त राष्ट्र महासभा के भीतर भी इज़राइली प्रधानमंत्री को कड़े विरोध का सामना करना पड़ा. जैसे ही नेतन्याहू ने अपना भाषण शुरू किया, दुनिया भर के दर्जनों राजनयिकों ने सभा का बहिष्कार करते हुए वॉकआउट कर दिया. अपने भाषण में नेतन्याहू ने उन देशों पर निशाना साधा जिन्होंने हाल ही में फिलिस्तीन राज्य को मान्यता देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP