अंबिकापुर: कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिद्धू और उनकी पत्नी से मारपीट
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्रीपारा में शनिवार रात जमकर बवाल हुआ. कार पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू और बीच-बचाव करने आईं उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई.
घटना के बाद घायल कांग्रेस नेता को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन सिर में गंभीर चोट की आशंका और लगातार चक्कर आने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है.
यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर में तनाव और चर्चा का माहौल है. पीड़ित कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया है कि इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ है और आरोपियों ने घर के अंदर घुसकर भी उनके साथ बदसलूकी की.
दूसरी ओर, भाजपा नेता प्रकाश साहू ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह सिरे से खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते उनका नाम इस मामले में बेवजह घसीटा जा रहा है और घटना के वक्त वह अपने घर पर मौजूद थे.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 7:30 बजे गुरप्रीत सिंह सिद्धू अपनी कार से घर पहुंचे थे. जब वह गाड़ी को पोर्च में लगाने के लिए मोड़ रहे थे, तभी साहिल साहू नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ उनके घर के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई. देखते ही देखते साहिल के पिता सुनील साहू और संजीव चटर्जी समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और मारपीट करने लगे.
घटना की सूचना मिलते ही देर रात बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मणिपुर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई, वहीं दूसरा पक्ष भी अपनी बात रखने थाने पहुंचा.
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस प्रशासन ने दर्ज धाराओं और नामजद आरोपियों की आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है.