रायपुर के गोदावरी पावर एंड इस्पात में हादसा, 6 की मौत
रायपुर के गोदावरी फैक्ट्री में हादसा, 6 मजदूरों की मौत
रायपुर | संवाददाता: राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर हीरा समूह की गोदावरी पावर एंड इस्पात फैक्ट्री में 6 लोगों की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार प्लांट के अंदर अचानक गर्म लोहे और निर्माणाधीन छत का मलबा गिरने से 6 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए.
इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, सभी घायलों को देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री में मेंटेनेंस और निर्माण कार्य चल रहा था, इसी दौरान अचानक एक हिस्से की छत भरभराकर गिर गई और नीचे काम कर रहे मजदूर व अधिकारी इसकी चपेट में आ गए, हादसे के समय छत्तीसगढ़, झारखंड, आंध्र प्रदेश, बिहार, यूपी और पश्चिम बंगाल के कर्मचारी मौके पर काम कर रहे थे,
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया, फिलहाल किसी भी मजदूर के मलबे में दबे होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए राहत कार्य जारी है,
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की, उन्होंने बताया कि हादसे में प्लांट के अधिकारी स्तर तक के कर्मचारी शामिल हैं, कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है,
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन बड़ी संख्या में फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए, परिजनों के आक्रोश को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, मौके पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, SDM और पुलिस अफसर मौजूद रहे,
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है, उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं,