हार्वेस्टर से टकराकर तीन युवकों की मौत
सक्ती | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हार्वेस्टर से टकरा जाने से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई. एक युवक का सिर ही धड़ से अलग हो गया. वहीं दो अन्य युवकों के शरीर के अंग कटकर अलग हो गए.
घटना शनिवार रात की है. इस हादसे से ग्रामीण अक्रोशित हो गए और रात को ही मालखरौदा थाने का घेराव करने पहुंचे गए. रातभर ग्रामीण थाने के सामने हंगामा करते रहे.
ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का भी आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने घटना के बाद शव को सीधे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. जबकि पहले अस्पताल भेजना था.
इससे ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया. इसके बाद रविवार की सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने हार्वेस्टर मालिक से मुआवजे की मांग करते हुए सक्ती मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया.
चक्काजाम से छपोरा, जैजैपुर, सक्ती मुख्य मार्ग कुछ घंटों के लिए प्रभावित रहा. पुलिस ने मामले में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया.
पुलिस के मुताबिक धान कटाई के बाद हार्वेस्टर में लगे कटर को नहीं हटाया गया था. कटर लगा वाहन रिहायशी इलाके से गुजर रहा था.
इसी दौरान बाइक सवार युवक हार्वेस्टर की चपेट में आ गए. तीनों युवक ग्राम सतगढ़ के निवासी थे और किसी काम से मालखरौदा आए हुए थे.
यहां से तीनों युवक वापस लौट रहे थे. उसी समय मिशन चौक-पिहरीद मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास अचानक हार्वेस्टर सामने आ गया.
बाइक भी काफी तेज रफ्तार में थी जिसे नियंत्रण नहीं कर पाए और हार्वैस्टर से टकरा गए. हादसे के बाद से हार्वेस्टर चालक फरार हो गया.
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मालखरौदा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
मृतकों की पहचान नागेश्वर और शेर सिंह के रूप में हुई है. जबकि तीसरा युवक भी गांव का ही रहने वाला है. उसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है.
शव टुकड़ों में बट जाने के चलते पहचान होने में दिक्कत हो रही है. घटना की सूचना मिलते ही सतगढ़ में मातम छा गया.
पुलिस का कहना है कि हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी. पुलिस हार्वेस्टर चालक की तलाश में जुट गई है.