रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के 21 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

H

Hupendra Sharma

05 मई 2025, 07:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बारिश का ऑरेंज अलर्ट

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में बदले मौसम का असर दो दिन और रहेगा. सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, तूफान के साथ वज्रपात और बारिश की संभावना है.


सोमवार सुबह से ही मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है. धूप-छांव के साथ कुछ स्थानों पर सुबह बूंदाबांदी भी हुई.

विज्ञापन


मौसम विभाग ने रायपुर-दुर्ग और बिलासपुर संभाग के 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.


वहीं बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.


प्रदेश के मौसम में बदलाव का मुख्य कारण एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका है, जो दक्षिणी उत्तर प्रदेश से लेकर तमिलनाडु तक समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है.


इस द्रोणिका के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर बने चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय हैं, जिससे वातावरण में नमी बनी हुई है.


इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने, हल्की बारिश और वज्रपात होने की संभावना है.


इसके अलावा अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में बदलाव के आसार नहीं है. उसके बाद दिन के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक वृद्धि का दौर प्रारंभ होगी.


मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी दी है. साथ ही तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया है.


इन जिलों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर, सक्ती, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार, महासमुंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनांदगांव, खैरागढ़-गंडई-छुईखदान, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी शामिल हैं. 


रविवार को प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान बालोद और रायपुर में 37 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया है.


हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है. जिसके चलते प्रदेश के कई जिलों में दिन का पारा सामान्य से कम रहा. 


राजधानी रायपुर में सोमवार को गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं.


यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP