माओवादियों ने की छह महीने युद्धविराम की घोषणा ?
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर चल रहे नक्सल ऑपरेशन के बीच संदिग्ध माओवादियों ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. कथित रुप से माओवादियों की ओर से जारी एक पत्र में अगले 6 महीने के लिए युद्धविराम की घोषणा की गई है.
गुरुवार शाम को कथित रुप से माओवादी पार्टी के नेता जगन के नाम से एक पत्र जारी किया गया है.
हालांकि इस पत्र की विश्वसनीयता की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है.
इस पत्र में कहा गया है कि तेलंगाना राज्य में जनता, लोकतंत्रवादी, जन संगठन और बहुसंख्यक राजनीतिक दल माओवादी पार्टी और सरकार के बीच शांति वार्ता की प्रमुखता से मांग कर रहे हैं. इसे ध्यान में रखते हम घोषणा करते हैं कि हम 6 महीने तक युद्धविराम का पालन करेंगे.
पत्र में आगे कहा गया है कि पिछले कुछ समय से हमारी पार्टी तेलुगू राज्यों में सरकार से शांति वार्ता की मांग कर रहे हैं. इसके लिए शांति वार्ता समिति का गठन किया गया है. देश भर में सैकड़ों संगठन, आम से लेकर खास व्यक्ति के साथ कई पार्टियों की भी यही मांग है.
सीपीआई ने ऑपरेशन रोकने और शांति वार्ता के लिए सभी राज्यों में कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है. जिसमें अन्य वामपंथी पार्टियों के सदस्य भी शामिल होंगे.
बीआरएस पार्टी ने तो अपनी सभा में शांति वार्ता आयोजित करने का भी संकल्प लिया है. कुछ दिन पहले तेलंगाना सरकार ने भी शांति वार्ता की मांग की थी.