सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

महतारी वंदनः अप्रैल में खुलेगा पोर्टल

छत्तीसगढ़ महतारी वंदनः अप्रैल में खुलेगा पोर्टल

C

CG Khabar

30 मार्च 2025, 09:48 AM 3 मिनट में पढ़ें 3

 महतारी वंदन
महतारी वंदन

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए खुशखबरी है. महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस योजना के नये पंजीयन की तैयारी शुरू कर दी है.


अप्रैल माह में दोबारा पोर्टल शुरू करने का दावा किया जा रहा है. कहा जा रहा है कि इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है. सरकार द्वारा इसे नये वित्तीय वर्ष अप्रैल में मंजूरी भी मिल जाएगी. 

विज्ञापन


महिला व बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा है कि महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए पोर्टल जल्द ही शुरू किया जाएगा. बजट में भी राशि का प्रावधान किया गया है.


राज्य सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजना का लाभ मिले. अब महिलाओं को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और जल्द ही नया पंजीकरण शुरू होगा.


छत्तीसगढ़ में वर्तमान में करीब 70 लाख महिलाएं महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं. इन महिलाओं को हर माह 1 हजार रुपये मिलता है.


राज्य सरकार की ओर से पात्र हितग्राहियों के खातों में माह के पहले सप्ताह के अंदर ही राशि डाल दी जाती है. अब तक 13 किश्तों का वितरण किया जा चुका है.


10 मार्च 2024 को महतारी वंदन योजना की प्रथम किश्त महिलाओं के बैंक खातों में भेजी गई थी. 


हजारों महिलाओं को नहीं मिल रहा लाभ

हालांकि अभी भी प्रदेश में बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना के पैसे नहीं मिल रहे हैं. इसकी वजह यह है कि उन्होंने पहली बार आवेदन नहीं भरा था.


इन महिलाओं को लाभ देने के लिए अब महिला एवं बाल विकास विभाग नए आवेदन भरवाने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है.


कहा जा रहा है कि अप्रैल के दूसरे या तीसरे सप्ताह में महतारी वंदन योजना के पंजीयन के लिए पोर्टल को खोल दिया जाएगा.


इसके बाद नए हितग्राही इस योजना का लाभ लेने के लिए पंजीयन करा सकते हैं.


राज्य सरकार ने बजट में योजना के लिए 5.500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है. योजना के लिए पहले 3.000 करोड़ का प्रावधान था. लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 5.500 करोड़ का कर दिया गया.


विधानसभा में उठा था मुद्दा

विधानसभा के बजट सत्र में महतारी वंदन योजना का मुद्दा जोर-शोर से उठा था. विपक्ष ने इस मुद्दे को उठाया था और वंचित महिलाओं को योजना का लाभ देने की मांग की थी.


कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछा था कि नए हितग्राहियों के लिए पोर्टल कब खोला जाएगा.


साथ ही यह भी पूछा गया था कि जिन लोगों को पेंशन मिल रही है उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि पूरी क्यों नहीं दी जा रही है. उन्हें सिर्फ 500 रुपए ही प्रदान किए जा रहे हैं. 


हितग्राहियों का होगा ई-केवाईसी

महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को ई-केवाईसी कराना होगा. इसके लिए विभाग की ओर से जल्द ही निर्देश जारी हो सकते हैं.


अधिकारियों का कहना है कि ई-केवाईसी कराने से धोखाधड़ी रुकती है.


इससे यह सुनिश्चित होता है कि सिर्फ पात्र हितग्राहियों को ही सरकारी सहायता मिल रही है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP