सुकमा-तेलंगाना सीमा पर आईईडी ब्लास्ट, 5 जवान शहीद
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर चल रहे नक्सल ऑपरेशन के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है. गुरुवार को तेलंगाना के वेंकटपुरम और ईडमिली की पहाड़ियों पर माओवादियों और सुरक्षा बलों के बीज मुठभेड़ हुई.
इस दौरान माओवादियों ने बारूदी सुरंग (आईईडी) विस्फोट किया. जिसकी चपेट में आने से पांच पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं. जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है.
हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक ग्रेहाउंड की टीम को सूचना मिली थी कि माओवादी नेता और उनके साथी वेंकटपुरम और ईडमिली की पहाड़ियों के जंगली इलाके में छिपे हुए हैं.
इसी सूचना के आधार पर ग्रेहाउंड की टीम ने सुकमा और मुलुगु की सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया.
उसी दौरान माओवादियों ने आईईडी विस्फोट किया. विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पांच जवान मौके पर ही शहीद हो गए.
इसके बाद माओवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई.
घायल जवान को तत्काल हेलीकॉप्टर से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
इस मुठभेड़ में 8 माओवादियों के मारे जाने की खबर आ रही है, जिसमें माओवादी संगठन के बड़े सदस्य सीसी सदस्य चंद्रना और एसजेडसीएम बंडी प्रकाश भी शामिल हैं.
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके के लिए रवाना हो चुके हैं जबकि पूरे क्षेत्र को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है.