रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, आंधी-पानी के साथ गिरेंगे ओले

फिर बदलेगा मौसम, आंधी-पानी के साथ गिरेंगे ओले

H

Hupendra Sharma

26 अप्रै. 2025, 07:51 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

फिर बदलेगा मौसम
फिर बदलेगा मौसम

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में शनिवार से एक बार फिर मौसम में बदलाव आने वाला है. भीषण गर्मी के बीच प्रदेश के 17 जिलों में आंधी-पानी के साथ ओले गिरने की संभावना है.


इस दौरान बादल गरजेंगे, जिससे कहीं-कहीं पर बिजली भी गिर सकती है. साथ ही 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के चलने का अनुमान है. मौसम का यह मिजाज 28 अप्रैल तक बना रहेगा.

विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक यह बदलाव हवा की दिशा में बदलाव और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण हो रहा है.


यह नमी उत्तर भारत से होते हुए मध्य भारत और ओडिशा की ओर बढ़ रही है. जिससे छत्तीसगढ़ में नमी का स्तर बढ़ा है.


इससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना बनी है. 


इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 26 से 28 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ा बना रहेगा. इस दौरान प्रदेश के 17 जिलों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.


मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा रहेगा. जिन जिलों में आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, उनमें रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बलौदाबाजार, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में तेज आंधी और बौछारें पड़ सकती हैं.


इसी तरह बिलासपुर, कांकेर, बस्तर, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़, और महासमुंद में अंधड़ चल सकती है. ओले भी गिर सकते हैं. आंधी-बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. 


भीषण गर्मी से लोग रहे बेहाल 

राज्य में पिछले सप्ताह भर से लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है. 22 अप्रैल को राजधानी रायपुर में तापमान 44.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन था.


23 और 24 अप्रैल को तापमान में हल्की गिरावट आई. उसके बाद 25 अप्रैल को एक बार फिर तापमान 43.8 डिग्री तक पहुंच गया.


इस दौरान भीषण गर्मी और गर्म हवाओं से लोग बेहाल रहे. अगले 24 घंटे में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है.


शनिवार को राजधानी रायपुर में बादल छाने के साथ ही गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP