भाजपा सरकार सभी मोर्चों पर विफल- पायलट
सचिन पायलट ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा है कि पिछले डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है. राज्य का हाल बेहाल है. यहां की डबल इंजन वाली सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है. ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां सरकार अपनी कामयाबी बता सके. यही कारण है कि गृहमंत्री को बार-बार बुलाकर अपनी पीठ थपथपानी पड़ रही है.
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है. राज्य में एसपी और कलेक्टर कार्यालय तक जला दिए गए. हत्या, बलात्कार, लूट, डकैती की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में लोग मर रहे हैं, यहां महिलाएं और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं.
सचिन पायलट ने किसानों के मुद्दों पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है. पूरे प्रदेश में खाद की कमी है. किसान खेती के सीजन में खाद खोज रहे हैं. यहां की सरकार ने तो किसानों को अपने हाल पर छोड़ दिया है. किसानों की इस स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है.
उन्होंने कहा कि राज्य को तीन लाख मीट्रिक टन डीएपी उर्वरक की आवश्यकता है, लेकिन सरकार अब तक समितियों को 80 हजार मीट्रिक टन डीएपी पहुंचा पाई है.
उन्होंने कहा कि राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस की सरकार ने बहुत काम किए. लेकिन सरकार बदलते ही विकास की गति थम गई है. यहां तक कि डेढ़ सालों में भूपेश बघेल सरकार की 17 योजनाओं को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया है, क्योंकि इसका श्रेय पिछली कांग्रेस सरकार को जाता.
उन्होंने कहा कि पुलिस-एजेंसी का इस्तेमाल कर कांग्रेस के नेताओं को टारगेट किया जा रहा है. उनका चरित्र हनन करने उन पर केस किया जा रहा है.
पायलट ने कहा कि कांग्रेस हमेशा निवेश और उद्योग के पक्ष में रही है. लेकिन भारतीय जनता पार्टी की मंशा सिर्फ चुनिंदा लोगों को खदान और खनिज देने की है. अब वे बिना किसी हिचकिचाहट के इसे खुलेआम कर रहे हैं.
7 जुलाई को खड़गे आ रहे छत्तीसगढ़
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि हर संगठन में बेहतर करने की गुंजाइश रहती है. हम संगठन में मंडल से लेकर ऊपर तक परिवर्तन चाहते हैं, प्रस्ताव भी इसे लेकर पास हुआ है, लेकिन इस पर अमल करना इतना आसान नहीं है, फिर भी हम लोग उस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
पायलट ने बताया कि 7 जुलाई को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे छत्तीसगढ़ आ रहे हैं. साइंस कॉलेज मैदान में किसान-जवान-संविधान जनसभा को संबोधित करेंगे. मंगलवार को पायलट ने रायपुर के राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी.
खड़गे के प्रवास की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने बैक टू बैक बैठकें लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए. इसके पहले पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी, जिलाध्यक्षों, प्रकोष्ठों और विधायकों की बैठक लेकर संगठन के कार्यों पर चर्चा की.