अंबिकापुर में कारोबारी के घर ACB-EOW का छापा
अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम ने सोमवार को कारोबारी और सप्लायर अशोक अग्रवाल के घर दबिश दी है.
अशोक अग्रवाल का नाम डीएमएफ घोटाले में सामने आया था. एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम इसी मामले से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है.
अंबिकापुर में एसीबी और ईओडब्ल्यू की यह पिछले तीन दिनों में दूसरी कार्रवाई है.
इससे पहले शनिवार को भी टीम ने कपड़ा व्यापारी व सरकारी विभागों में सप्लायर धजाराम इंटरप्राइजेज के मालिक अशोक अग्रवाल और मुकेश अग्रवाल के ठिकानों पर छापेमारी की थी.
टीम ने जांच के दौरान 19 लाख से अधिक नगद और ठेके संबंधित दस्तावेज जब्त किए थे.
इस फर्म का नाम डीएमएफ घोटाले में आया था. इनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज है. पहले भी ईडी और आईटी की टीमें इन व्यापारियों पर कार्रवाई कर चुकी हैं.
बताया गया कि अशोक अग्रवाल राजपुर का निवासी है. वह कारोबार अंबिकापुर में चलाता है. उसे कारोबार शुरू किए काफी लंबा वक्त हो गया है.
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले में शनिवार को एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीमों ने एक साथ पांच जिलों में कार्रवाई की है.
जिसमें सुकमा, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, अंबिकापुर और रायपुर में टीम ने छापेमारी की थी. पांचों जिलों के करीब 15 से ज्यादा ठिकानों पर टीम ने दबिश देकर जांच पड़ताल की थी.