रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

अंबिकापुर-बलरामपुर में रिश्वत लेते 2 पटवारी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर-बलरामपुर में रिश्वत लेते 2 पटवारी गिरफ्तार

C

CG Khabar

04 अप्रै. 2025, 01:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

पटवारी गिरफ्तार
पटवारी गिरफ्तार

बलरामपुर/अंबिकापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बलरामपुर और अंबिकापुर में एसीबी यानी एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने दो पटवारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है. दोनों ही मामलों में अपराध दर्ज कर दोनों पटवारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. 


पहला मामला अंबिकापुर तहसील के लालमाटी पटवारी दफ्तर का है. शिकायतकर्ता पवन पाण्डेय अपनी जमीन का सीमांकन और ऋण पुस्तिका की दूसरी कापी बनवाने के लिए पटवारी नीरज वर्मा के पास आवेदन किया था.

विज्ञापन


इसके लिए पटवारी ने 20 हजार रुपए की मांग की थी. पवन पाण्डेय ने 10 हजार रुपये पहली किस्त में देकर बाकी रकम काम होने के बाद देने की बात कही थी. लेकिन पटवारी पूरी रकम काम से पहले देने पर अड़ा हुआ था.


इस दौरान शिकायतकर्ता कई बार पटवारी दफ्तर का चक्कर लगाता रहा. फिर भी बात नहीं बनी तब परेशान होकर इसकी शिकायत सुरगुजा एसीबी से की.


शुक्रवार को योजना के अनुसार शिकायतकर्ता पवन पांडेय महुआ पारा स्थित पटवारी नीरज वर्मा के निवास पर उसे रिश्वत की बाकी रकम देने पहुंचा.


पटवारी ने रकम अपने सहयोगी करमू राम को देने कहा. पवन ने जैसे ही उसे रिश्वत की रकम दी उसी समय एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया.


एसीबी की टीम ने पटवारी नीरज वर्मा और करमू को हिरासत में ले लिया है.


सीमांकन के लिए मांगी 10 हजार रिश्वत

दूसरी ओर बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर तहसील के बरतीकला के पटवारी को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है. यहां के पटवारी हेमंत कुजूर ने परसडीहा निवासी राजेश पटेल से भूमि सीमांकन के लिए 10 हजार रिश्वत की मांग की थी.


राजेश ने दो हजार रुपए पटवारी को दे भी दिया था. इसके बाद भी वह काम नहीं कर रहा था. जबकि सीमांकन का आदेश जनवरी माह में हो गया था. इससे परेशान होकर राजेश पटेल ने इसकी शिकायत सुरगुजा एसीबी से की. एसीबी की टीम ने शिकायत की जांच-पड़ताल कराई.


मामले की पुष्टि होने पर पटवारी को पकड़ने योजना तैयार की. शुक्रवार को राजेश पटेल ने जैसे ही पटवारी हेमंत कुजूर को रिश्वत की रकम 8 हजार रुपए दिए, एसीबी की टीम ने उसे पकड़ लिया. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP