रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर में 64 लाख रुपये का 127 किलो गांजा जब्त

C

CG Khabar

08 अक्टू. 2026, 02:56 PM 3 मिनट में पढ़ें 3

गांजा तस्कर गिरफ्तार- रायपुर
गांजा तस्कर गिरफ्तार- रायपुर

रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है. एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी-क्राइम एंड साइबर यूनिट और स्थानीय पुलिस ने बीते 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सफल ऑपरेशनों में 127.3 किलो गांजा बरामद किया है. जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 64 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही एक किशोर को भी हिरासत में लिया है.


ऑटो में छिपाकर ले जाया जा रहा था 41 लाख का गांजा


कार्रवाई की पहली कड़ी में 7 अक्टूबर को पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध एक ऑटो-रिक्शा में गांजा लेकर पचपेड़ी नाका से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टास्क फोर्स और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फाफाडीह चौक के पास घेराबंदी कर ऑटो को रोक लिया. तलाशी लेने पर उनके ट्रॉली बैग से 82.51 किलो गांजा और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए. इस मामले में राजस्थान मूल के राजस्थान के जगदलपुर निवासी मुकुंद शर्मा, गोपाल वर्मा उर्फ गोपी और बलौदाबाजार निवासी संतोष साहू को गिरफ्तार कर गंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

विज्ञापन


टाटीबंध के पास ओडिशा और बंगाल के तस्कर गिरफ्तार


दूसरी कार्रवाई 8 अक्टूबर को आमानाका थाना क्षेत्र में हुई, जहां एंटी-क्राइम एंड साइबर यूनिट ने टाटीबंध स्थित इस्कॉन मंदिर मोड़ के पास दबिश दी. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया. पूछताछ और जांच में उनके कब्जे से 44.799 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 22.40 लाख रुपये है. पकड़े गए आरोपियों में ओडिशा के खोरधा निवासी कान्हू डाकुआ, पश्चिम बंगाल के हावड़ा निवासी सुमित भट्टाचार्य और एक नाबालिग शामिल है.


अंतरराज्यीय नेटवर्क के बैंकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस


पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा हुआ है. आरोपी ओडिशा और बंगाल से माल लाकर सप्लाई करने की फिराक में थे. पुलिस अब इस पूरे रैकेट के मुख्य सरगना, सप्लाई की सोर्स और अंतिम खरीदारों का पता लगाने के लिए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके.


अब तक 6.31 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त


कमिश्नरेट पुलिस की मुस्तैदी से रायपुर में नशे के सौदागरों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है. एंटी-क्राइम यूनिट और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 85 मामले दर्ज कर 190 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है. इस दौरान गांजा, एमडीएमए, कोकीन, हेरोइन और प्रतिबंधित नशीली सिरप समेत करीब 6.31 करोड़ रुपये के अवैध मादक पदार्थ, वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP