सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: लड़कियों की सरेराह गुंडागर्दी, युवती को बेरहमी से पीटा

C

CG Khabar

15 जुल. 2026, 03:06 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित मरीन ड्राइव पर सरेआम गुंडागर्दी और मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक 19 वर्षीय युवती के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि उसके कपड़े उतारने की कोशिश भी की गई. इस पूरी बर्बरता का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर गाने के साथ रील के रूप में अपलोड कर दिया गया. 


इंटरनेट पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो नाबालिग युवतियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

विज्ञापन


यह विवाद महज एक गलतफहमी और मामूली बात से शुरू हुआ था. सोनारपारा स्थित एक आभूषण गोदाम में काम करने वाली 19 वर्षीय पीड़िता किराए के मकान में रहती है. वह बीते 30 जून की शाम करीब 4 बजे अपनी सहेली के साथ स्कूटी से थोक बाजार में सामान छोड़कर वापस लौट रही थी. 


इसी दौरान मरीन ड्राइव रोड पर पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो नाबालिग युवतियां मोबाइल से अपनी सेल्फी ले रही थीं. दोनों नाबालिगों ने पीड़िता पर रास्ता रोकने और उन्हें देखकर हंसने का झूठा आरोप लगा दिया. इसी बात को लेकर उन्होंने पीड़िता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.


विवाद बढ़ने पर दोनों नाबालिग युवतियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई शुरू कर दिया. वायरल हुए वीडियो में साफ दिख रहा है कि बीच सड़क पर पीड़िता के बाल पकड़कर उसे बेरहमी से मारा जा रहा है. बात यहीं खत्म नहीं हुई, दोनों युवतियों ने फोन करके अपनी एक रिश्तेदार महिला नगमा खान उर्फ नूरी (38 वर्ष) को मौके पर बुला लिया. 


उस प्रौढ़ महिला के सामने ही पीड़िता को लात-घूसों से पीटा गया और उसके कपड़े तक फाड़ने का प्रयास किया गया. वहां मौजूद राहगीरों और पीड़िता की सहेली ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन इसी बीच किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया.


घटना के कई दिनों बाद जब यह रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, तो रायगढ़ के सीनियर एसपी शशि मोहन सिंह ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया. उन्होंने कोतवाली पुलिस को तत्काल आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही 14 जुलाई को डरी-सहमी पीड़िता ने भी कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई.


पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी महिला नगमा खान, निवासी चांदनी चौक फौजदारपारा को महज कुछ ही घंटों में ढूंढकर सलाखों के पीछे भेज दिया. 


वहीं दोनों नाबालिगों के खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की गई है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत करने, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, रास्ता रोकने और धमकी देने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है.


इस घटना के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जिले में कानून हाथ में लेने, सरेआम गुंडागर्दी करने या किसी भी नागरिक के साथ मारपीट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे अपराधों पर पुलिस की पैनी नजर है और आम जनता से अपील है कि वे कानून अपने हाथ में लेने के बजाय किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP