रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग जनपद CEO रुपेश कुमार पांडेय निलंबित

C

CG Khabar

01 जून 2026, 02:08 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

 रुपेश कुमार पांडेय निलंबित
रुपेश कुमार पांडेय निलंबित

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासनिक लापरवाही और जनता के प्रति अभद्र व्यवहार को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. सीएम के निर्देश पर दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रुपेश कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई राज्य सरकार के 'सुशासन तिहार 2026' अभियान के तहत आयोजित एक शिविर में अधिकारी के कथित दुर्व्यवहार के बाद की गई है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग संभाग के आयुक्त द्वारा जारी निलंबन आदेश में बताया गया है कि थानोड गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान एक वीडियो सामने आया था. इस वीडियो में सीईओ रुपेश कुमार पांडेय अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे ग्रामीणों और आम नागरिकों के साथ बेहद रूखा और अमर्यादित व्यवहार करते नजर आ रहे थे. 

विज्ञापन


वीडियो का संज्ञान लेते हुए दुर्ग कलेक्टर ने अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था.


इससे पहले दोषी अधिकारी को उनके आचरण को लेकर 'कारण बताओ नोटिस' भी जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया. इसके बाद सरकार ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया. 


निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अधिकारी का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 और 3-ए का सीधा उल्लंघन है, जो शासकीय सेवकों से पूर्ण निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और शालीन व्यवहार की अपेक्षा करता है.


प्रशासनिक आदेश में इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में लोक सेवक जनता के प्रति जवाबदेह होते हैं और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व विनम्र व्यवहार करना लोक सेवा का मूल सिद्धांत है. निलंबन अवधि के दौरान रुपेश कुमार पांडेय का मुख्यालय निर्धारित कर दिया गया है और वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP