सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिलासपुर के सिरगिट्टी में बीच बस्ती युवक की हत्या

C

CG Khabar

16 जून 2026, 08:33 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के सिरगिट्टी पुलिस थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक 26 साल के युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान गणेश नगर नयापारा निवासी इरफान बघीरा (पिता शेख खलील) के रूप में की गई है. बीच बस्ती में हुई इस बेरहम वारदात के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी डर और आक्रोश का माहौल है. 


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी है. नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) निमितेश सिंह के मुताबिक, पुलिस ने इस सिलसिले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही वारदात वाले इलाके और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि कत्ल की कड़ियों को जोड़ा जा सके.

विज्ञापन


इस हत्याकांड ने सिरगिट्टी क्षेत्र की सुरक्षा और पुलिस गश्त पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से इलाके में पुलिसिंग कमजोर हुई है और रात में गश्त न के बराबर हो रही है, जिसके चलते असामाजिक तत्वों के हौसले फिर से बढ़ने लगे हैं. 


स्थानीय लोगों का कहना है कि एक दौर था जब सिरगिट्टी में चाकूबाजी, मारपीट और हत्या जैसी वारदातें आम हो चुकी थीं, लेकिन बाद में पुलिस की कड़ाई के कारण अपराधियों पर लगाम लगी थी. अब इस ताजा घटना ने लोगों को फिर से पुराने दौर की याद दिला दी है.


शुरुआती पुलिस जांच और घटना के तौर-तरीकों को देखते हुए इसे पुरानी दुश्मनी या आपसी रंजिश का नतीजा माना जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रहे हैं और जल्द ही हत्या की असल वजह का खुलासा कर दिया जाएगा. 


फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP