भिलाई में लिफ्ट मांगने पर विवाद, चाकूबाजी में युवक की मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सुपेला थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर चौक पर शनिवार देर रात लिफ्ट मांगने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि स्कूटी सवार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे की है. कैंप-01 भिलाई का निवासी शिव कुमार सिंह अपने साथी शिशांत के साथ चिचोला जाने के उद्देश्य से निकला था. नेहरू नगर चौक पर पहुंचकर वे सड़क से गुजरने वाले वाहनों से लिफ्ट मांग रहे थे.
इसी दौरान दो युवक और एक युवती स्कूटी से वहां पहुंचे. शिव कुमार ने उन्हें रोककर लिफ्ट मांगी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
विवाद के दौरान स्कूटी सवार युवकों में से एक ने चाकू निकालकर शिव कुमार पर वार कर दिए. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी नेहरू नगर अंडरब्रिज के रास्ते टाउनशिप की तरफ भाग निकले.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में शिव कुमार को तुरंत हाईटेक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे प्राथमिक इलाज के बाद शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.