रायपुर से लाए 500 के जाली नोट, युवक अकलतरा में गिरफ्तार
अकलतरा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जाली नोट खपाने की एक कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है. अकलतरा थाना क्षेत्र स्थित एक देशी मदिरा दुकान में 500 रुपये का जाली नोट देकर शराब खरीदने की कोशिश कर रहे युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया.
आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 500-500 रुपये मूल्य के चार जाली नोट जब्त किए हैं. न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
अकलतरा थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ थाना अंतर्गत दोमुहानी निवासी सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे (30) के रूप में हुई है.
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह यह फर्जी करेंसी रायपुर से लेकर आया था और इसे बाजार में चलाने की फिराक में था. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 180 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है.
मामला 20 जुलाई का है, जब अकलतरा की देशी शराब दुकान के कर्मचारियों को ग्राहक द्वारा दिए गए नोट पर संदेह हुआ. कर्मचारियों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली, तो उसके पास से 500 रुपये के तीन और संदेहास्पद नोट मिले.
पुलिस ने जब इन सभी नोटों को जांच के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अकलतरा शाखा भेजा, तो बैंक अधिकारियों ने इनके नकली होने की पुष्टि की. आश्चर्यजनक रूप से बरामद किए गए चारों जाली नोटों पर एक ही सीरियल नंबर दर्ज था, जिससे मामले का भंडाफोड़ हो गया.