बिलासपुर में पटवारियों की बेमियादी हड़ताल से कामकाज ठप्प
छत्तीसगढ़ राज्य पटवारी संघ के आह्वान पर बिलासपुर जिले के पटवारियों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है.
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ राज्य पटवारी संघ के आह्वान पर बिलासपुर जिले के पटवारियों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. इस आंदोलन के कारण पहले ही दिन से तहसील कार्यालयों में राजस्व से जुड़ी सेवाएं पूरी तरह से ठप्प हो गईं. जाति, आय व निवास प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे विद्यार्थियों और सामान्य नागरिकों के आवेदन अटक गए हैं, वहीं सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, डिजिटल हस्ताक्षर और धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं.
काम रुकने की वजह से तहसील दफ्तरों में दिन भर लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और लंबित मामलों की संख्या लगातार बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
आंदोलनकारी संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक यह प्रदर्शन जारी रहेगा. पटवारियों की प्रमुख मांगों में सबसे पहला मुद्दा गिरदावरी की जटिल प्रक्रिया को व्यावहारिक व सरल बनाना है.
पदाधिकारियों का कहना है कि मौजूदा नियमों की वजह से मैदानी स्तर पर काम करने में व्यावहारिक परेशानियां आती हैं, जिससे पटवारियों के साथ-साथ किसानों को भी चक्कर काटने पड़ते हैं. सरकार को ऐसी प्रणाली लागू करनी चाहिए जिससे मैदानी काम सुगम हो और किसानों की समस्याएं तुरंत हल हो सकें.
इसके साथ ही संघ ने वरिष्ठता के आधार पर पारदर्शी पदोन्नति नीति बनाने की मांग रखी है. पटवारी संघ का कहना है कि सेवाकाल के दौरान कर्मचारियों को तरक्की के स्पष्ट अवसर मिलने चाहिए, जिसके लिए शासन को नियमों में आवश्यक सुधार कर जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए.