रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

युवक ने की खुदकुशी, रातों-रात बोड़ला टीआई हटाए गए

युवक ने की खुदकुशी, रोतों-रात बोड़ला टीआई हटाए गए

H

Hupendra Sharma

01 अग. 2025, 09:53 AM 3 मिनट में पढ़ें 2

खदकुशी-चक्काजाम
खदकुशी-चक्काजाम

कवर्धा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में युवक की आत्महत्या मामले में रातों-रात बोड़ला थाने के टीआई को हटा दिया गया है. थानेदार को लाइन अटैच करने के बाद उसकी जगह भोरमदेव थाना के प्रभारी निरीक्षक को यहां पदस्थ किया गया है.


दरअसल, कल इस मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था.

विज्ञापन


इस मामले में विधायक देवेंद्र यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा है कि गृह मंत्री को यादव समाज से क्या नफ़रत है. लगातार प्रदेश और कवर्धा में यादव समाज पर प्रशासन द्वारा अत्याचार किया जा रहा है.


गौरतलब है कि बोड़ला थाना क्षेत्र के तेंदूटोला गांव निवासी गोपाल यादव से पुलिस साढ़े तीन लाख रुपये चोरी के मामले में पूछताछ कर रही थी. इस बीच पुलिस ने उसके भाई माखन यादव से भी पूछताछ की. गुरुवार को माखन ने अचानक फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.


शव को फांसी से उतारकर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए लेकर जा रही थी, तब परिजन और ग्रामीणों ने शव को ले लिया और पांडातराई में नेशनल हाइवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया.


पीड़ित परिवार सहित ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि चोरी के माल की बरामदगी के नाम पर माखन और उसके परिवार को बार-बार थाने बुलाकर परेशान किया जा रहा था.


घटना के एक दिन पहले भी माखन को दिनभर थाने में रखा गया और रात 11 बजे छोड़ा गया. जिससे परेशान होकर युवक ने जान दे दी.


बताया गया कि 7 जून को बोड़ला थाना के बोल्दा में हजारी पटेल के घर चोरी हुई थी. घर से नगदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत कुल 3 लाख 27 हजार की चोरी हुई थी.


इस मामले में पुलिस ने भलपहरी निवासी मुकेश पटेल और मन्नू पटेल को 26 जून को गिरफ्तार किया था. जिनके कब्जे से 13 हजार रुपये बरामद हुए थे.


दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और पुलिस का दावा है कि उन्होंने इसका मास्टर माइंड गोपाल यादव को बताया.


इसके बाद पुलिस गोपाल यादव को पकड़कर पूछताछ की. लेकिन पुलिस को चोरी का सामान नहीं मिला.


गोपाल को जेल भेजने के बाद पुलिस उसके भाई माखन यादव और परिवार से लगातार पूछताछ कर रही थी. परिजनों का आरोप है कि इसी से तंग आकर माखन ने आत्महत्या कर ली. 

विधायक देवेन्द्र यादव ने लगाए आरोप

इधर इस मामले में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने भी पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.


उन्होंने एक्स पर लिखा कि गृह मंत्री को यादव समाज से क्या नफरत है लगातार कवर्धा और प्रदेश में यादव समाज के साथ अत्याचार हो रहा है. वहीं आज पुनः यादव समाज के साथ हुआ. शासन प्रशासन का अत्याचार, आत्महत्याकांड पहले साधराम यादव लालपुर हत्याकांड “यादव समाज” लोहारीडीह कांड “साहू समाज” कुई कुकदूर नागाडबरा हत्याकांड “आदिवासी समाज” हाल ही में कुंडा क्षेत्र “सतनामी समाज” युवती बलात्कार की कोशिश फिर गले में सब्बल मार कर हत्याकांड. गृह मंत्री का जिला अपराध और अपराधियों का गढ़ वहीं प्रशासन का अत्याचार जो हर हद पार कर चुका है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP