ब्लास्ट के बाद कार्बन फैक्ट्री में बिना सुरक्षा किट के सफाई कराई, मजदूर बीमार
कोरबा । संवाददाता: कोरबा के औद्योगिक क्षेत्र स्थित कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को हुए भयावह बॉयलर ब्लास्ट के ठीक अगले ही दिन सुरक्षा मानकों को ताक पर रखने की गंभीर घटना सामने आई है. रविवार को जब नियमित श्रमिक काम पर नहीं पहुंचे, तो प्रबंधन ने रेलवे फाटक क्षेत्र से 10 से 11 दिहाड़ी मजदूरों को बुलाकर सफाई का काम सौंप दिया.
आरोप है कि बिना ठंडी हुई राख को साफ करने के दौरान किसी भी मजदूर को मास्क, दस्ताने या अन्य सुरक्षा उपकरण मुहैया नहीं कराए गए. नतीजतन, धूल और राख के संपर्क में आने से एक मजदूर की तबीयत अचानक बिगड़ गई, वहीं कुछ अन्य श्रमिकों के प्रभावित होने की भी खबरें हैं, हालांकि प्रशासनिक तौर पर इसकी पुष्टि होनी बाकी है.
गौरतलब है कि शनिवार को फैक्ट्री में बॉयलर में पिच अनलोडिंग के दौरान अचानक हुए भीषण विस्फोट ने विकराल रूप ले लिया था. अत्यधिक तापमान के कारण उबलता हुआ कच्चा मटेरियल बाहर फेंकने लगा और देखते ही देखते चारों तरफ आग फैल गई, जिसका धुआं लगभग दो किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था.
उस वक्त काम कर रहे श्रमिकों ने भागकर अपनी जान बचाई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची.
इसके बाद नगर सेना, बालको और सीएसईबी समेत अन्य कंपनियों की दमकल गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बोरियों में रखा भारी मात्रा में कच्चा माल जलकर खाक हो चुका था. हादसे के बाद अब सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.