चरित्र पर शक के चलते पत्नी को उतारा मौत के घाट
बलरामपुर । संवाददाता: बलरामपुर जिले के सामरीपाठ थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां वैवाहिक जीवन में शक के जहर ने एक महिला की जान ले ली. लक्ष्मणपुर निवासी 36 वर्षीय अर्जुन राम उर्फ टॉवर नगेसिया को पुलिस ने अपनी पत्नी बजन्ती बिरिजिया की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
यह पूरा विवाद साप्ताहिक बाजार से शुरू हुआ. मिली जानकारी के अनुसार, बीते 10 जून को दंपती अलग-अलग टाटीझरिया बाजार गए हुए थे. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने अर्जुन को जानकारी दी कि उसकी पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ पकरी पेड़ के पास देखा गया है. इस बात को सुनते ही अर्जुन का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह सीधे मौके पर जा धमका.
वहां अपनी पत्नी को देखते ही अर्जुन ने आपा खो दिया और उस पर लात-घूंसों व डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस बेरहम पिटाई से महिला को अंदरूनी व गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण अगले ही दिन यानी 11 जून को उसने दम तोड़ दिया.
महिला की संदेहास्पद मौत की खबर मिलते ही सामरीपाठ पुलिस ने मर्ग कायम कर तफ्तीश का पहिया घुमाया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही मामले की तस्वीर साफ हो गई, जिसमें चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई.
इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 13 जून को आरोपी पति को धर दबोचा. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने चरित्र शंका में वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली है, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.