राशन की दुकानों से क्यों गायब हो गया नीला किरोसिन? जानिए पूरी सच्चाई
एक समय हर घर की जरूरत रहा नीला राशन किरोसिन आज दुकानों से गायब है. सब्सिडी खत्म होने, उज्ज्वला योजना से एलपीजी मिलने और एविएशन सेक्टर में इसकी मांग बढ़ने के कारण यह बदलाव आया है.
रायपुर । सीजीखबर डेस्क: भारत में कुछ साल पहले तक राशन की दुकानों पर आसानी से मिलने वाला नीला किरोसिन तेल अब लगभग गायब हो चुका है. जो तेल कभी हर घर की जरूरत था और खाना पकाने, लालटेन जलाने तथा छोटे स्टोव में इस्तेमाल होता था, आज मांगने पर दुकानदार खाली हाथ लौटा देते हैं.
इसके गायब होने की मुख्य वजह सरकारी नीति में बदलाव है. वर्ष 2016 से शुरू होकर 2021 तक सरकार ने किरोसिन पर दी जाने वाली सब्सिडी धीरे-धीरे खत्म कर दी. कीमतें बढ़ाई गईं और बजट में सब्सिडी का प्रावधान समाप्त हो गया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को एलपीजी कनेक्शन दिए गए, जिससे घरेलू स्तर पर किरोसिन की मांग तेजी से गिर गई.
कई राज्यों को ‘केरोसिन-फ्री’ घोषित कर दिया गया और पीडीएस के जरिए इसकी आपूर्ति बंद कर दी गई. इसके अलावा पहले सब्सिडाइज्ड किरोसिन का लगभग 40-45 प्रतिशत हिस्सा ब्लैक मार्केट में चला जाता था और डीजल में मिलावट के लिए इस्तेमाल होता था, जिससे सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ता था और प्रदूषण भी फैलता था. स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किरोसिन को चरणबद्ध तरीके से हटाया गया.
रिफाइनरियों में अभी भी किरोसिन (Superior Kerosene Oil – SKO) बन रहा है, लेकिन घरेलू उपयोग घटने के बाद इसका बड़ा हिस्सा एविएशन सेक्टर में शिफ्ट हो गया है. हवाई जहाजों में इस्तेमाल होने वाला जेट फ्यूल (Aviation Turbine Fuel या ATF) असल में रिफाइंड किरोसिन ही होता है. भारत में एविएशन सेक्टर तेजी से बढ़ने के कारण जेट फ्यूल की मांग बढ़ी है, इसलिए रिफाइनरियां अब घरेलू किरोसिन के बजाय ज्यादा एविएशन फ्यूल प्रोड्यूस कर रही हैं.
मार्च 2026 में पश्चिम एशिया में तनाव के कारण जब एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई, तो सरकार ने कुछ राज्यों में अस्थायी रूप से पीडीएस किरोसिन की आपूर्ति फिर से शुरू की थी, लेकिन यह एक आपातकालीन कदम था, कोई स्थायी नीति नहीं.
नीला रंग जानबूझकर मिलाया जाता था ताकि सब्सिडाइज्ड किरोसिन की पहचान बनी रहे और मिलावट रोकी जा सके. आज जब घरेलू जरूरत लगभग खत्म हो चुकी है, तो यही आम घरेलू ईंधन समय के साथ पूरी तरह बदलकर आधुनिक एविएशन इंडस्ट्री का अहम हिस्सा बन चुका है. Input- PROCESS BHARAT Video